अयोध्या। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार अयोध्या में एक भव्य रामायण पार्क विकसित कर रही है, इस पार्क में जल्द ही रावण की 25 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी, अधिकारियों के अनुसार यह प्रतिमा भगवान राम और रावण के बीच हुए युद्ध दृश्य को दर्शाएगी।
रामायण पार्क को गुप्तारघाट क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है, जो श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से लगभग 13 किलोमीटर दूर है। यह वही स्थान माना जाता है जहां भगवान राम ने जलसमाधि ली थी।
इस पार्क में भगवान राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, सुग्रीव, विभीषण और अन्य पात्रों की मूर्तियाँ भी लगाई जा रही हैं। इसके साथ ही पार्क में आकर्षक झील, थीम आधारित बगीचे और प्रकाश-संगीत शो जैसी सुविधाएँ भी विकसित की जा रही हैं।
परियोजना का उद्देश्य अयोध्या को वैश्विक धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना है, अधिकारियों का कहना है कि यह पार्क रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों को आधुनिक शैली में प्रस्तुत करेगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को रामायण की झलक मिलेगी।





