अयोध्या (उत्तर प्रदेश): राम मंदिर परिसर में शनिवार को उस समय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं, जब एक युवक ने मंदिर परिसर के भीतर नमाज़ पढ़ने का प्रयास किया। मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए युवक को रोक लिया और हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक मंदिर परिसर के एक हिस्से में बैठकर नमाज़ अदा करने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षा बलों ने उसे तत्काल नियंत्रण में लेकर पूछताछ शुरू की, घटना के बाद मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक से पूछताछ की जा रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वह मंदिर परिसर में किस उद्देश्य से पहुंचा था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।





