लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं एवं धांधली के विरोध में आज विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया, छात्रों ने एडमिशन डीन के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
इस दौरान छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल कुलसचिव के समक्ष अपनी मांगों को औपचारिक रूप से प्रस्तुत किया। छात्रों ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि किसी भी विद्यार्थी के साथ अन्याय न हो।
छात्र नेता आदित्य पाण्डेय ने कहा, लखनऊ विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया में जिस प्रकार की अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं, वह अत्यंत चिंताजनक है। हम सभी छात्र केवल यह चाहते हैं कि प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष हो।
धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से आदित्य पाण्डेय, प्रेम प्रकाश यादव, अनुराग चौधरी, जतिन यादव, सूर्यांश आर्यन, अखिलेश, अजितेंद्र आजाद, रूद्रवीर, प्रशांत पाल, आलोक यादव, सुमित, अमित सहित सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे।





