लखनऊ, विधानसभा संवाददाता | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश में हालिया हिंसा और कथित तौर पर हिंदुओं पर हुए अत्याचार का मुद्दा विधानसभा में उठाया, विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन, 24 दिसंबर को सदन में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला किया।
सीएम योगी ने कहा कि बांग्लादेश में एक दलित युवक की हत्या कर उसे जला दिया गया, लेकिन इस पर विपक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आ रही है, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल गाजा पट्टी की घटनाओं पर आंसू बहाता है, जबकि बांग्लादेश में दलित और हिंदुओं के साथ हुई घटनाओं पर उसकी जबान सिल जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में भी दलितों को सिर्फ वोटबैंक की नजर से देखा जाता है, इसी वजह से इस मुद्दे पर कोई बोलने को तैयार नहीं है, उन्होंने विपक्ष पर वोट बैंक की राजनीति करने और तुष्टिकरण की नीति अपनाने का आरोप लगाया।
सीएम योगी ने आगे कहा कि यही तुष्टिकरण की नीति बांग्लादेश के निर्माण का कारण बनी। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि बांग्लादेश पाकिस्तान न बना होता, तो इस तरह हिंदुओं को नहीं जलाया जाता, और अगर पाकिस्तान बना होता तो वहां उनकी स्थिति क्या होती, यह सभी जानते हैं।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद विधानसभा में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।





