सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद बना हिंसक, बृजमनगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत महुलानी में ग्राम पंचायत निधि से बन रही सड़क में एक घर के सामने चौड़ी और दूसरे के सामने संकरी सड़क बनाए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। सड़क की चौड़ाई में अंतर को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई, जो धीरे-धीरे विवाद का रूप लेती चली गई।
बताया जा रहा है कि मामला उस समय और बढ़ गया जब दोनों पक्षों के लोग ग्राम प्रधान के सामने ही आमने-सामने आ गए। पहले हल्की बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते माहौल गरमा गया और मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई। अचानक हुए इस विवाद से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष के लोगों ने विद्यावती देवी नाम की महिला पर लाठी-डंडों और चप्पलों से हमला कर दिया। सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग महिला को घसीटते हुए मारपीट कर रहे हैं और गाली-गलौज भी कर रहे हैं। घटना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
मारपीट की शिकार हुई विद्यावती देवी ने संबंधित थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ बेवजह मारपीट की गई और उन्हें निशाना बनाया गया। पीड़िता न्याय की मांग कर रही है और दोषियों पर कार्रवाई चाहती है।




