महराजगंज के मिठौरा ब्लॉक स्थित मिश्रवलिया इंडियन गैस गोदाम पर रसोई गैस की भारी किल्लत सामने आई है, सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में रात 2 बजे से ही लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को गोदाम के बाहर हालात और ज्यादा बिगड़ गए, जब गैस लेने वालों की कतार लगभग एक किलोमीटर तक लंबी हो गई, सड़क किनारे सैकड़ों उपभोक्ता अपने खाली सिलेंडर लेकर खड़े नजर आए। घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को गैस नहीं मिल पाई, जिससे गैस एजेंसी और प्रशासन के प्रति लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला।
मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से लगातार गोदाम के चक्कर लगा रहे हैं। हर बार उन्हें स्टॉक खत्म होने या तकनीकी समस्या का हवाला देकर वापस भेज दिया जाता है, इस कारण कई परिवारों के घरों में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है और लोगों को खाना बनाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गैस की आपूर्ति बढ़ाने और वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, फिलहाल गोदाम पर गैस लेने के लिए लोगों की भीड़ लगातार बनी हुई है।
News Reported by: Jaynendra Upadhyay, Reporter-(Up Live Express)





