महराजगंज। दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद महराजगंज जिले की भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां दूसरे दिन भी हाई अलर्ट पर हैं। सीमा क्षेत्रों में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम तलाशी अभियान चला रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
दिल्ली के लाल किले के निकट हुए बम ब्लास्ट के बाद प्रदेश स्तर से मिले निर्देशों के अनुपालन में जिले के ठूठीबारी, सोनौली और अन्य सीमाई क्षेत्रों में सतर्कता और बढ़ा दी गई है। स्थानीय थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने सीमा पर तैनाती को और सख्त कर दिया है।
डॉग स्क्वाॅड की मदद से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की गहन तलाशी ली जा रही है। पहचान-पत्रों का सत्यापन किया जा रहा है, जबकि पगडंडियों और दुर्गम मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि दिल्ली विस्फोट के बाद जारी हाई अलर्ट को ध्यान में रखते हुए जिले में सीमा सुरक्षा और आंतरिक व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया है। एसएसबी और पुलिस की संयुक्त गश्त लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सीमा पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा बल किसी भी खतरे को नाकाम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बस स्टैंड, होटल, ढाबे, मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) को भी पूर्ण अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि कोई भी संवेदनशील सूचना तत्काल साझा की जा सके।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सीमा की खुली प्रकृति को देखते हुए किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, और यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।
Reported by : Akash Kumar Agrahari, Reporter- (Up Live Express)





