महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र के घघरुआ खड़ेसर गांव में एक 14 साल के किशोर को गांववालों ने मोबाइल चोरी के शक में नीम के पेड़ से उल्टा लटकाकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान बच्चा जान की भीख मांगता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं मानी।
घटना 3 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने किशोर को घूमते देखा और उससे पूछताछ की। जब उसने कहा कि वह अपने काम से आया है, तो ग्रामीणों ने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया और उसे रस्सी से नीम के पेड़ पर उल्टा लटका दिया।
आरोप है कि ग्रामीणों ने उसे यह कहते हुए पीटा कि गांव में कई दिनों से मोबाइल गायब हो रहे हैं और चोरी उसी ने की है। किशोर ने बार-बार अपनी निर्दोषता की दुहाई दी और मां की कसम खाई, फिर भी आरोपियों ने उसे नहीं छोड़ा।
पीड़ित ने बताया कि वह सुबह से शाम तक उल्टा लटका रहा, लोग हंसते रहे, वीडियो बनाते रहे, और उसे पीटते रहे। बाद में परिवार के लोगों को जब खबर लगी, तो वे मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे रस्सी से उतारकर जान बचाई।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई :
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घुघली थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और घटना में शामिल युवकों की पहचान शुरू कर दी है।

मां ने कहा दबंगो ने मेरे बेटे को बहुत पीटा
मां का आरोप – पुलिस ने शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की :
पीड़ित किशोर की मां सहाना ने बताया, “हम थाने गए थे, लेकिन पुलिस ने हमारी कोई सुनवाई नहीं की। हमें कहा गया कि बाद में आना। आरोपी दबंग हैं, हमें डर है कि वे फिर से मेरे बच्चे को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उसके हाथ-पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।”
थाना इंचार्ज का बयान :
इस मामले में घुघली थाना इंचार्ज गौरव सिंह ने बताया, लड़का एक नंबर का चोर है। पहले भी उसने गांव में कई मोबाइल चुराए हैं, गांव वालों ने बच्चा समझकर शिकायत नहीं की थी, फिर भी जो वीडियो में दिखेगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।






