महराजगंज जनपद के नौतनवा कस्बे में इन दिनों गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नौतनवा गैस गोदाम पर सिलेंडर के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। उपभोक्ता भोर से ही अपने खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े हो जाते हैं, फिर भी उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
गैस गोदाम के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग अपने सिलेंडर लेकर सड़क किनारे कतारबद्ध खड़े दिखाई दे रहे हैं। सिलेंडरों की यह लंबी कतार राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच गई है, उपभोक्ताओं को मजबूरी में हाईवे के किनारे खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
इससे आवागमन करने वाले वाहनों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और सड़क पर आंशिक अव्यवस्था की स्थिति बन गई है। सुबह होते ही हजारों की संख्या में लोग गैस गोदाम के बाहर जमा हो जाते हैं, उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में गैस की कमी के कारण उन्हें काफी दिक्कत हो रही है।
कई लोगों ने बताया कि वे सुबह से ही लाइन में खड़े हैं, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, इस स्थिति से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है, मौके पर संबंधित विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं है, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की आपूर्ति बढ़ाई जाए और वितरण व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। मौजूदा हालात को देखते हुए हाईवे पर इतनी भीड़ और सिलेंडरों की लंबी कतार के कारण किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका भी बनी हुई है, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
News Reported by: Akash Kumar Agrahari, Reporter-(Up Live Express)




