महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दीपावली से एक दिन पहले एक महिला को झाड़-फूंक (टोना-टोटका) का आरोप लगाकर भीड़ ने बेरहमी से पीटा। बताया जा रहा है कि महिला को पहले पीटा गया, फिर बाल खींचकर निर्वस्त्र कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, महिला अपने घर पर दो सोखाओं के साथ पूजा-पाठ करवा रही थी। तभी गांव के करीब एक दर्जन लोग वहां पहुंचे और झाड़-फूंक करने का आरोप लगाते हुए महिला को पकड़ लिया। महिला रहम की भीख मांगती रही, लेकिन भीड़ का गुस्सा थमता नहीं दिखा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हुआ, वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। बताया जा रहा है कि लोकलाज के डर से महिला ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था, लेकिन परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया।
अब भय और अपमान के कारण पीड़िता अपने परिवार के साथ गांव छोड़ चुकी है, पनियरा थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने कहा —
> “मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”





