सिद्धार्थनगर जनपद के चिल्हिया थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी रविवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान गौहनिया बाजार क्षेत्र से की गई।
पुलिस के अनुसार, चिल्हिया थाने में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी।
लगातार प्रयासों के बीच पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली कि आरोपी गौहनिया बाजार क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की और मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक पुत्र उमाशंकर, निवासी ग्राम दहियाड़, थाना चिल्हिया के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में पहले से मुकदमा दर्ज था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद, कांस्टेबल चन्द्रजीत यादव और महिला कांस्टेबल कंचन यादव समेत चिल्हिया थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।




