मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के कुछ नामी जिमों में वर्कआउट करने आने वाली युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनके साथ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों में तीन सगे भाई और एक उनका बहनोई शामिल है। आरोपी जिम ट्रेनर और जिम संचालक बताए जा रहे हैं। आरोप है कि ये लोग जिम में आने वाली युवतियों से पहले दोस्ती करते थे, फिर निजी संबंध बनाकर उनके फोटो और वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था। कुछ मामलों में युवतियों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के भी आरोप सामने आए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार जिमों को सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िताओं की शिकायत और प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और अवैध धर्म परिवर्तन से जुड़े धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं तथा कितनी युवतियां इनके जाल का शिकार हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर आगे और गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं।





