महराजगंज जिले में बृजमनगंज पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। शनिवार शाम को ग्राम खरखोड़ा स्थित एक खेत से कुल 450 अफीम के पौधे बरामद किए गए, इस मामले में खेती करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

खेती करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है
बृजमनगंज के थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम खरखोड़ा में एक व्यक्ति द्वारा गुप्त रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही एसओजी टीम के साथ थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी।

अफीम के कुल 450 पौधे लगे मिले
दबिश के दौरान खरखोड़ा स्थित एक खेत में अफीम के कुल 450 पौधे लगे मिले, जिन पर 520 फल पाए गए। मौके से खेती करने वाले अभियुक्त की पहचान रामनरेश पुत्र रामाश्रय, निवासी खरखोड़ा, थाना बृजमनगंज, जनपद महाराजगंज के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ बृजमनगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 67/26, धारा 8/17/25 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल खेत की निगरानी के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है, न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद बरामद अफीम के पौधों को नष्ट किया जाएगा।





