महराजगंज में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला सशक्तिकरण की एक अनूठी पहल देखने को मिली। कंपोजिट विद्यालय सोनरा की कक्षा 8 की छात्रा संजीवनी को एक दिन के लिए जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जिलाधिकारी की कुर्सी संभालते ही संजीवनी ने विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई की और अधिकारियों को समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें नेतृत्व की राह पर प्रेरित करना था।

इस पहल के तहत जिले की कई छात्राओं को भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर एक दिन की जिम्मेदारी दी जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के प्रयासों से महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा मिलेगी और समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण मजबूत होगा।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने संजीवनी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह अनुभव न केवल उनके लिए, बल्कि अन्य छात्राओं के लिए भी प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर बनेगा।







