महराजगंज। बोर्ड परीक्षा नजदीक आते ही विद्यार्थियों में तनाव और दबाव बढ़ने लगता है। इस चिंता को कम करने के लिए यूपी बोर्ड और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने एआई आधारित मित्र मनोदर्पण एप लॉन्च किया है, विशेषज्ञों द्वारा विकसित यह ऐप चैटबॉट सहित कई आधुनिक फीचर्स से लैस है, जो छात्रों का मानसिक बोझ हल्का करेगा।
सचिव स्तर से डीआईओएस कार्यालय को पत्र भेजकर सभी स्कूलों और परीक्षार्थियों को एप की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में फिलहाल 278 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 1.17 लाख से अधिक विद्यार्थी नामांकित हैं। इनमें से 72 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं इस बार 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होंगे।
मन की उलझनें सुलझाएगा मित्र मनोदर्पण :
परीक्षा का नाम सुनते ही छात्रों पर दबाव साफ दिखने लगता है। ऐसे में शिक्षा मंत्रालय का यह कदम छात्रों के लिए बड़ा सहारा साबित होगा। प्रशिक्षित काउंसलर इस ऐप के जरिए –
* मोटिवेशनल वीडियो
* तनाव प्रबंधन तकनीक
* आत्ममूल्यांकन
* माइंडफुलनेस सेशन
* उपयोगी लेख
जैसी सुविधाएं देंगे, खास बात यह है कि यह ऐप पूरी तरह निशुल्क है और 24 घंटे मदद के लिए उपलब्ध रहेगा।
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए संजीवनी :
राजकीय माध्यमिक विद्यालय सिंहपुर के प्रधानाध्यापक अनमोल यादव ने कहा कि जो विद्यार्थी दूर-दराज़ के इलाकों में रहते हैं और काउंसलिंग सुविधाओं से वंचित हैं, उनके लिए मित्र मनोदर्पण किसी साथी से कम नहीं।
यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है, काउंसलिंग और मेंटल हेल्थ सपोर्ट की मदद से छात्र परीक्षा में तनावमुक्त होकर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
डीआईओएस बोले :
“मित्र मनोदर्पण एप विद्यार्थियों की काउंसलिंग और मानसिक सहयोग के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है, यूपी बोर्ड की ओर से इस संबंध में सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया गया है।”
— प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस
अब स्टूडेंट्स के लिए बोर्ड परीक्षा सिर्फ चुनौती नहीं बल्कि आत्मविश्वास दिखाने का मौका बनेगी – क्योंकि मित्र मनोदर्पण रहेगा हर वक्त साथ!







