जिले के सबसे बड़े सांस्कृतिक पर्व “महराजगंज महोत्सव 2025” का शुभारंभ हो चुका है, लेकिन आसमान से लगातार बरस रही बारिश ने इस भव्य आयोजन की तैयारियों पर पानी फेर दिया है, जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज मैदान में जगह-जगह पानी भर जाने से महोत्सव स्थल की रौनक थोड़ी फीकी पड़ गई है।
मंच, पंडालों और स्टॉलों के आसपास कीचड़ और जलभराव ने आयोजन समिति की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मैदान के कई हिस्सों में पानी और कचरे के जमाव से सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे आने-जाने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हर साल जिले की स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाला यह महोत्सव इस बार 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलेगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विज्ञान प्रदर्शनी, हस्तशिल्प व स्थानीय उत्पादों की झलक देखने को मिलेगी, जिले भर से कलाकारों और दर्शकों का जमावड़ा लगने की उम्मीद है।
लगातार बारिश ने प्रशासन और आयोजन समिति दोनों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। हालांकि, जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए तेजी से सफाई और पानी निकासी के कार्य किए जा रहे हैं। अधिकारी और कर्मचारी मैदान में जुटे हैं ताकि महोत्सव का उत्साह बारिश के बीच भी बरकरार रह सके।







