महराजगंज: सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा कसमरिया में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात अराजक तत्वों ने मंगलवार रात क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार सुबह जब ग्रामीणों ने प्रतिमा टूटी हुई देखी तो इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सिंदुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त प्रतिमा को दुरुस्त कराया।
शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रतिमा स्थल पर सीसीटीवी कैमरा भी लगवा दिया गया है, इस संबंध में कसमरिया निवासी रामा प्रसाद की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने को औपचारिकता बताते हुए शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
News Reported by: Jaynendra Upadhyay, Reporter-(Up Live Express)






