भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 22वीं वाहिनी एसएसबी के समवाय भगवानपुर ने स्थानीय पुलिस के साथ शनिवार को संयुक्त गश्त अभियान चलाया।
गश्त के दौरान दोनों सुरक्षा बलों ने सीमा के संवेदनशील मार्गों, ग्रामीण पटरियों और प्रमुख आवागमन वाले स्थानों का गहन निरीक्षण किया, इस दौरान सीमा पार गतिविधियों, अवैध आवागमन, तस्करी की रोकथाम और सुरक्षा समन्वय जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में किसी भी अवैध गतिविधि को रोकने के लिए एसएसबी और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। इस संयुक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य दोनों एजेंसियों के बीच संचार, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना है।
संयुक्त गश्त के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद भी किया गया। उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा करें।
एसएसबी और पुलिस अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की कि सीमा पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे संयुक्त गश्ती अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।







