महाराजगंज के घुघुली थाना क्षेत्र के बल्लो खास गांव में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से भारी मात्रा में नकली ब्रांडेड घरेलू सामान बरामद किया।
छापेमारी में हार्पिक, चायपत्ती, फेवीक्विक और सर्फ एक्सल जैसी मशहूर कंपनियों के नकली उत्पाद मिले। इसके अलावा गोदाम से प्रिंटेड रैपर और पैकिंग सामग्री भी बरामद हुई, जिससे साफ हो गया कि यह गिरोह लंबे समय से फर्जी सामान तैयार कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि बरामद नकली सामान की कीमत लाखों रुपये है। इनकी सप्लाई न सिर्फ स्थानीय बाजारों बल्कि पड़ोसी जिलों तक होती थी, साथ ही नेपाल तक सप्लाई की आशंका जताई जा रही है, पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया है और गोदाम संचालक व अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की और मांग की है कि ऐसे फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोहों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि आम उपभोक्ता ठगी का शिकार न हों, फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।





