प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारत की पहली तिमाही में दर्ज जोरदार जीडीपी ग्रोथ पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि तमाम वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने देशवासियों को स्वदेशी का मंत्र दिया और अपील की कि अगर जरूरत न हो तो सोना खरीदने से बचें और विदेशों में शादी समारोह करने के बजाय देश में ही शादियां करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की दमदार ग्रोथ रेट के आंकड़ों की सराहना करते हुए कहा कि इस उपलब्धि से पूरा देश खुशियों से भर गया है। उन्होंने कहा कि देश ने 7.8 फीसदी की विकास दर हासिल की है और अब आगे भी हमें इस रफ्तार को बरकरार रखना है।हालांकि, प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि देश के भीतर ही कुछ लोग निराशा में डूबे हुए हैं और चारों तरफ निराशा फैलाने में लगे हुए हैं।





