दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके की घटना के बाद उत्तर प्रदेश को हाई अलर्ट पर रखा गया है, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।
पुलिस बल और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, होटलों, सरायों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सीमा क्षेत्रों में कड़ी निगरानी :
विशेष रूप से महाराजगंज जनपद में भारत-नेपाल की 84 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पुलिस और अन्य एजेंसियां नेपाल से आने वाले प्रत्येक नागरिक की गहन जांच कर रही हैं, उनके सामानों की भी तलाशी ली जा रही है, जिसके बाद ही उन्हें भारतीय सीमा में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
सशस्त्र सीमा बल के जवान डॉग स्क्वॉड की सहायता से तलाशी अभियान चला रहे हैं। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित होटल, ढाबे, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और चौक-चौराहों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी की जा रही है।





