राजस्थान की शेखावाटी की धरती ने एक बार फिर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, झुंझुनूं की मेधावी छात्रा राजकुमारी पारीक ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) फाइनल परीक्षा पास कर देश की सबसे कम उम्र की महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का गौरव हासिल किया है, उन्होंने यह उपलब्धि महज 19 वर्ष 126 दिन की आयु में हासिल कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम कर दिया।
इससे पहले देश की सबसे कम उम्र की महिला CA बनने का रिकॉर्ड मध्य प्रदेश के मुरैना की नंदिनी अग्रवाल के नाम दर्ज था, जिन्होंने लगभग 19 वर्ष 330 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी, राजकुमारी पारीक ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया, उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही झुंझुनूं सहित पूरे शेखावाटी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
राजकुमारी पारीक की इस शानदार उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो छोटे शहरों से भी देश स्तर पर बड़े कीर्तिमान स्थापित किए जा सकते हैं। उनकी सफलता से न सिर्फ झुंझुनूं, बल्कि पूरा शेखावाटी अंचल गौरवान्वित महसूस कर रहा है और युवा पीढ़ी के लिए यह एक बड़ी प्रेरणा बन गई है।
राजकुमारी के पिता हेमंत कुमार पारीक अरुणाचल प्रदेश में मोटर पार्ट्स के व्यापारी हैं, जबकि उनकी माता सावित्री देवी गृहिणी हैं।






