महाराजगंज जनपद के फरेंदा कस्बे में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। नगर के प्रसिद्ध प्रेम पोखरा और दुर्गा मंदिर पर महिलाएं और बालिकाएं सफाई एवं सजावट के कार्यों में जुटी हुई हैं। इस पवित्र तालाब पर हर वर्ष हजारों श्रद्धालु छठ मइया को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
सुबह से ही युवतियां हाथों में झाड़ू लेकर और मिट्टी से लीपकर पूजा स्थल की सफाई में लगी हुई हैं। वे पोखरे के चारों ओर जमा कचरा हटा रही हैं और स्थान को फूलों व रंगोली से सजाया जा रहा है। कई बालिकाएं छठ मइया स्थल पर केले के पौधे, दीपदान के लिए दीये और मिट्टी के कलश की व्यवस्था भी कर रही हैं।
स्थानीय निवासी किरण देवी, अनामिका सिंह और संगीता ने बताया कि प्रेम पोखरा की सफाई हर साल सामूहिक रूप से की जाती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष युवतियों ने विशेष उत्साह दिखाया है। उन्होंने बताया कि छठ पर्व आस्था के साथ-साथ स्वच्छता और सामुदायिक एकता का संदेश भी देता है।
नगर पंचायत के कर्मचारी भी सफाई कार्य में सहयोग कर रहे हैं। नगर पंचायत की ओर से पोखरे के किनारों पर बिजली की रोशनी, अस्थायी शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सांझ और उषा अर्घ्य के दौरान यहां लाखों दीपकों से वातावरण जगमग होगा।
अधिशासी अधिकारी अनुज भारती ने बताया कि नगर पंचायत के कर्मचारियों द्वारा नगर के तमाम छठ घाटों की साफ-सफाई और साज-सज्जा का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे कल तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
Reported by : Ajay Tripathi, Reporter
(Up Live Express)







