निचलौल तहसील क्षेत्र के नारायण एकेडमी स्कूल, करमहिया में शनिवार को विज्ञान एक्सपो का भव्य आयोजन किया गया, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में विज्ञान के प्रति रुचि जगाना और उनकी छिपी हुई वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र पाल सिंह एवं विशिष्ट अतिथि राजेंद्र प्रसाद ताराचंद महाविद्यालय के प्राचार्य गोविंद शरण सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
विज्ञान प्रदर्शनी में दर्जनों स्टालों पर बाल वैज्ञानिकों ने अपने अभिनव प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए। अनुपमा कुशवाहा, अनुप्रिया, कुमारी रिंकी, कुमारी प्रिया और अंशिका मौर्य सहित कई छात्राओं ने चार्जिंग स्टेशन, फायर अलार्म, स्मार्ट सिटी एयरक्राफ्ट, वाटर साइकिल, बायोगैस प्लांट, स्मार्ट डस्टबिन, सोलर पैनल, सोलर सिस्टम और स्मार्ट हाउस जैसे आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल तैयार किए, जिन्हें देखकर सभी उपस्थित लोग प्रभावित हुए।
मुख्य अतिथियों एवं अभिभावकों ने प्रदर्शित प्रोजेक्ट्स का गहन निरीक्षण किया और बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रधानाचार्य शंभू शरण कुशवाहा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का सफल और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।
News Reported by: Jaynendra Upadhyay, Reporter-(Up Live Express)




