महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित रामपुर ब्लडिहा गांव में आस्था और सेवा का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला है। छठ महापर्व के पावन अवसर पर गांव के प्राचीन शिव मंदिर को 8 डिसमिल भूमि दान में दी गई है। यह भूमि औपचारिक रूप से मंदिर ट्रस्ट को समर्पित की गई है।
यह दान श्रीमती बागेश्वरी देवी (पत्नी स्वर्गीय रामेश्वर तिवारी) और श्रीमती नगीना देवी (पत्नी विश्वनाथ तिवारी) की ओर से किया गया। दान की गई यह जमीन मंदिर के पास स्थित पोखरे के किनारे की खाली भूमि है, जो अब मंदिर परिसर के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु उपयोग में लाई जाएगी।
बाबू सुमेंद्र तिवारी के माध्यम से यह भूमि 27 अक्टूबर को विधिवत रूप से मंदिर ट्रस्ट को सौंपी गई। इस अवसर पर शिव मंदिर संघ और समस्त ग्रामवासियों ने तिवारी परिवार के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
ग्रामीणों का कहना है कि यह प्रेरणादायक कदम न केवल मंदिर के विकास में सहायक होगा, बल्कि आने वाले समय में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का भी विस्तार करेगा।







