
महाराजगंज जनपद के बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह द्वारा सावन माह के अंतिम सोमवार पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी पत्नी अर्चना सिंह, पुत्री उन्नति सिंह एवं समस्त थाना स्टाफ के साथ थाने परिसर स्थित शिव मंदिर में क्षेत्र के कल्याण हेतु रुद्राभिषेक, पूजन एवं हवन संपन्न कराया।



कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिव मंदिर में नंदी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा रही। प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत नंदी महाराज की प्रतिमा को नगर के पांच प्रमुख मंदिरों में ले जाकर विधिवत दर्शन कराए गए।
इसके पश्चात प्रतिमा को थाने परिसर में स्थित शिव मंदिर के सम्मुख स्थायी रूप से स्थापित किया गया।
इस अवसर पर थाना परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें खीर, पूड़ी, सब्जी एवं हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। नगर के श्रद्धालुओं के साथ-साथ थाना के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगणों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।