उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से अवैध मदरसों के संचालन को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है पयागपुर तहसील के पहालवारा गांव स्थित एक तीन मंजिला इमारत में चल रहे मदरसे की जांच के दौरान प्रशासनिक टीम को हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला।
छापेमारी के वक्त टॉयलेट में 9 से 14 साल की उम्र की 40 नाबालिग छात्राएं छिपी मिलीं।
न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, एसडीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में अवैध मदरसों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
बुधवार को पुलिस बल के साथ छापा मारा गया, तो मदरसा संचालकों ने टीम को ऊपरी मंजिल पर जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जब छत पर बने टॉयलेट का दरवाजा खोला गया तो अंदर से डरी-सहमी छात्राएं एक-एक कर बाहर निकलीं।
जांच के दौरान प्रबंधक और शिक्षकों से पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी कागज़ात उपलब्ध नहीं कराए गए, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद खालिद ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार यह मदरसा करीब तीन साल से संचालित हो रहा था, लेकिन इसका कभी रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया।
साल 2023 में हुई सर्वे रिपोर्ट में जिले के 495 अवैध मदरसे चिह्नित किए गए थे, मगर यह मदरसा उस सर्वे से बच निकला था।





