महराजगंज: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) हरपुर महन्थ और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घुघुली का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित आरोग्य मेले के दौरान किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों से सीधे संवाद किया। उन्होंने हरपुर महन्थ PHC में दवा लेने आए मरीजों – मंजू हरपुर और ओमप्रकाश जगदीशपुर से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली, जिलाधिकारी ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि वे मरीजों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें और सेवाभाव से दवा प्रदान करें।
दवा स्टोर में उत्पादन और एक्सपायरी डेट की जांच
जिलाधिकारी ने दवा स्टोर का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, उत्पादन तिथि और एक्सपायरी डेट की जांच की, निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपना ब्लड शुगर भी चेक कराया। इस समय तक केंद्र पर 18 मरीजों की जांच कर उन्हें दवा वितरित की जा चुकी थी।
घुघुली CHC में मिली लापरवाही, नर्स का वेतन काटा गया, इसके बाद जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घुघुली का निरीक्षण किया, यहां पता चला कि 1 नवंबर से अब तक 18 महिलाओं की डिलीवरी हो चुकी थी, जिनमें से दो डिलीवरी निरीक्षण के दौरान हुई थीं।
इस दौरान डिलीवरी के बाद एक महिला को समय से पहले छुट्टी देने के मामले में नर्स तनुश्री की लापरवाही सामने आई, जिस पर जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन बाधित करने का आदेश दिया।
आरोग्य मेले में आठ मरीजों की जांच कर दवा का वितरण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला, सीएचसी प्रभारी नीरज सिंह सहित अन्य डॉक्टर और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।





