महराजगंज: पुलिस ने अवैध तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कोल्हुई थाना क्षेत्र से 20 बोरी अवैध कद्दू का बीज बरामद किया है, यह कार्रवाई शनिवार को बेलवा तिराहा गांव के पास की गई, पुलिस ने मौके से एक पिकअप वाहन जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एसपी सोमेंद्र मीना के निर्देश पर कोल्हुई पुलिस अपराध नियंत्रण और तस्करी रोकथाम के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में, थानाध्यक्ष कोल्हुई के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जनार्दन चौधरी, विवेक मणि त्रिपाठी और कॉन्स्टेबल हरि प्रताप यादव की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में अवैध कद्दू का बीज तस्करी कर ले जाया जा रहा है, सूचना मिलते ही पुलिस ने बेलवा तिराहा के पास संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी में वाहन से 20 बोरी अवैध कद्दू का बीज बरामद हुआ।
मौके से आरोपी मनोज कुमार यादव (30) पुत्र चंद्रभान यादव, निवासी सिरसिया गांव, थाना नौतनवा को गिरफ्तार किया गया। बरामद बीज को कस्टम अधिनियम की धारा 111 के तहत पंजीकृत किया गया है, पुलिस ने जब्त माल और आरोपी को कस्टम कार्यालय नौतनवां भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।





