आलमाइटी पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज, बृजमनगंज में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के लिए आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और उनके शैक्षणिक सफर को सम्मानित करने का एक प्रेरणादायी अवसर रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष बृजमनगंज राकेश जायसवाल ने कहा कि छात्र और शिक्षक एक-दूसरे के पूरक होते हैं। शिक्षक भले ही छात्रों को शिक्षित करते हैं, लेकिन उन्हें भी अपने विद्यार्थियों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलता है। एक ओर शिक्षक किताबी ज्ञान के साथ अनुशासन और संस्कार का पाठ पढ़ाकर छात्रों को समय का पाबंद और जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं, वहीं दूसरी ओर छात्र अपनी शिक्षा, संस्कार और समझदारी से सफलता प्राप्त कर अपने शिक्षकों का मान बढ़ाते हैं।

विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने कहा कि अच्छी शिक्षा और संस्कार ही सफलता का सच्चा माध्यम हैं। शिक्षा से तकनीक मिलती है और तकनीक से शक्ति। शिक्षक, माता-पिता तथा बड़ों का सानिध्य और उनकी सलाह जीवन की हर मुसीबत से उबार सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि इस विद्यालय से प्राप्त शिक्षा और संस्कारों को अपने तक सीमित न रखें, बल्कि समाज में उनका प्रसार करें। साथ ही ईश्वर से कामना की कि वह सभी को सदैव सही मार्ग दिखाए और उनका जीवन यश, कीर्ति और उपलब्धियों से परिपूर्ण रहे। उन्होंने यह भी कहा कि यह विद्या मंदिर हमेशा ज्ञान बांटने के लिए तत्पर रहेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने कहा कि हमारी कामना है कि आप जहाँ भी जाएँ, अपने ज्ञान, संस्कार और परिश्रम के बल पर सफलता की नई ऊँचाइयों को छुएँ।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाया।






