बृजमनगंज, महराजगंज | जनपद महराजगंज के बृजमनगंज स्थित आलमाइटी पब्लिक इण्टरमीडिएट कालेज में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के जन्म दिवस एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के असंख्य सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं फरेन्दा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने मां सरस्वती एवं सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षा एक अनमोल धरोहर है। किसी भी व्यक्ति या समाज के विकास के लिए शिक्षा का होना अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा से चरित्र एवं राष्ट्रीयता का निर्माण होता है। बिना गुरु के शिक्षा पाना असंभव है, इसलिए शिक्षक का सम्मान निश्चित रूप से होना चाहिए। आज हम जिस मुकाम पर हैं, वह गुरु द्वारा दी गई शिक्षा की ही देन है।
विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि विद्यालय द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षकों को बुलाकर सम्मानित करना प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि ये शिक्षक इस सम्मान के अधिकारी हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश के पूर्व उप-राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनकी इच्छा थी कि इस दिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के शिल्पकार हैं और वे उन्नत समाज का निर्माण करते हैं।

इसी क्रम में विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं भेंट देकर सम्मानित किया।
वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित समस्त शिक्षकों को भी विद्यालय की ओर से भेंट देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य प्रेमशंकर चौहान ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक एम.ए. लारी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





