सिद्धार्थनगर, यूपी। सिद्धार्थनगर जिले के मोतीगंज में प्रस्तावित दस दिवसीय ‘सनातन उद्घोष श्रीराम कथा’ के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में श्रीराम कथा कार्यालय का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी एवं डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।

इस दौरान आदर्श नगर पंचायत भारत भारी के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू चौधरी स्वागतकर्ता के रूप में मौजूद रहे। कथावाचक शांतनु जी महाराज के श्रीमुख से दस दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन ऐतिहासिक एवं पौराणिक धार्मिक स्थल भारत भारी स्थित तीर्थ सागर परिसर में किया जाएगा। कथा का शुभारंभ 2 दिसंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा।
इस दौरान श्रद्धालु तीर्थ सागर के चारों ओर परिक्रमा करेंगे और विधि-विधान से कलश पूजन किया जाएगा। इसके बाद 3 दिसंबर से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा। 11 दिसंबर को हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे के साथ धार्मिक कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 2 दिसंबर की सुबह कथावाचक शांतनु जी महाराज का डुमरियागंज स्थित बजरंगी चौक पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद उन्हें कस्बे से होते हुए भारत भारी लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीर्थ सागर का विशेष पौराणिक एवं धार्मिक महत्व है। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़कों पर कलश यात्रा निकालने के बजाय तीर्थ सागर की परिक्रमा कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालु इस पवित्र स्थल पर धार्मिक लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि श्रीराम कथा के भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भारत भारी का मेला समाप्त होने के बाद कथा स्थल पर तैयारियों में और तेजी आएगी। वहीं, पूरे डुमरियागंज क्षेत्र में भगवा ध्वजों के साथ धार्मिक उत्साह का माहौल बन रहा है।
पूर्व विधायक ने क्षेत्रवासियों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और धार्मिक जागरूकता के लिए ऐसे आयोजनों का भव्य रूप से होना आवश्यक है।
News by: Vishnu Jaiswal (Journalist)
















































