बिसलेरी के पानी पर FSSAI की बड़ी कार्रवाई, लैब टेस्ट में सैंपल मिला असुरक्षित; कंपनी ने दी सफाई:

फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) की ओर से बोतलबंद पानी बनाने वाली कंपनी बिसलेरी के खिलाफ की गई कानूनी कार्रवाई के बाद कंपनी ने अपना पक्ष रखा है। FSSAI ने जांच में पानी के एक सैंपल को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर असुरक्षित घोषित किया है।

वहीं, बिसलेरी का कहना है कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए पानी के एक बैच से संबंधित है। यह प्लांट कंपनी के देशभर में मौजूद 143 प्लांट्स में से एक है।

छह सैंपल में से पांच मिले मानकों के अनुरूप:

कंपनी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को FSSAI की ओर से गोवा स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए गए थे। शुरुआती जांच में पांच सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई। इसकी निर्धारित अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।

बिसलेरी ने 22 नवंबर 2025 को इस जांच के खिलाफ अपील की थी। इसके बाद FSSAI ने संबंधित सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैबोरेटरी भेजा। कंपनी का दावा है कि दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई। हालांकि, इसी जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी की बात भी सामने आई।

कंपनी ने दोबारा कराई सैंपल की जांच:

बिसलेरी का कहना है कि अलग-अलग जांच रिपोर्ट में सामने आए नतीजों में अंतर होने के कारण कंपनी ने मामले पर स्पष्टीकरण देना जरूरी समझा। इसके बाद उसी सैंपल की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक अन्य लैब में कराई गई। कंपनी के अनुसार, इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली।

FSSAI से नोटिस मिलने से कंपनी का इनकार:

कंपनी ने दावा किया है कि इसके बाद उसे FSSAI की ओर से कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी गई, जिसके चलते उसे लगा कि मामला समाप्त हो चुका है। बिसलेरी के मुताबिक, अब तक उसे ईमेल या हार्ड कॉपी के माध्यम से कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। कंपनी का यह भी कहना है कि FSSAI की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उसे संबंधित नोटिस नहीं मिला है।बिसलेरी ने कहा कि पीने के पानी की सुरक्षा उसके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कंपनी के मुताबिक, वह अपनी 10 चरणों वाली मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया के दौरान 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण करती है और सख्त क्वालिटी कंट्रोल मानकों का पालन करती है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह FSSAI के साथ मिलकर उचित नियामक प्रक्रिया के तहत इस मामले का समाधान करेगी।

FSSAI ने क्यों की कार्रवाई?

FSSAI के अनुसार, पानी के सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई थी। इसी आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए दूसरी फूड लैब में भेजा गया था। इस लैब की जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए जाने के आधार पर भी सैंपल को असुरक्षित बताया गया।

इस मामले में जहां FSSAI की जांच रिपोर्ट में पानी के सैंपल को असुरक्षित बताया गया है, वहीं बिसलेरी ने अपनी ओर से कराई गई जांच का हवाला देते हुए सफाई दी है।

News by: Prafulla Shukla (Journalist)

  • Related Posts

    बृजमनगंज के फूलवरिया पूरब में तीन दिन बाद मिला युवक का शव, SDRF ने चलाया था सर्च ऑपरेशन:
    • November 23, 2026

    बृजमनगंज/महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंजरा सोनबरसा के टोला फूलवरिया पूरब निवासी ओमप्रकाश गौड़ का शव तीन दिन बाद रविवार, 23 नवंबर को तालाब से बरामद हुआ। शव…

    Continue reading
    गोमतीनगर विस्तार में बिल्डर उपेंद्र सिंह पर तीन राउंड फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी शेखर कौशल वाराणसी के होटल से गिरफ्तार:
    • November 22, 2026

    लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार में चाय के भुगतान को लेकर बलिया निवासी बिल्डर उपेंद्र सिंह पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *