लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में चाय के भुगतान को लेकर हुए विवाद के बाद बलिया निवासी बिल्डर उपेंद्र प्रताप सिंह पर पिस्टल से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी शेखर कौशल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाने में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, वादी उपेंद्र प्रताप सिंह पुत्र बच्चा सिंह निवासी ग्राम सहतवार, थाना सहतवार, जिला बलिया, वर्तमान पता सुलभ आवास सेक्टर-06, गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि 16 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच वह सेक्टर-01 स्थित ग्रीनवुड चौराहे के पास एक चाय की दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान भुगतान के लेन-देन को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग कर दी।
मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना गोमतीनगर विस्तार में मुकदमा अपराध संख्या 214/2026 के तहत धारा 109(1), 352, 3(5) बीएनएस और 7 सीएलए एक्ट में शेखर कौशल व स्कॉर्पियो सवार अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा सीडीआर, लोकेशन और सुरागरसी-पतारसी के जरिए आरोपियों की तलाश की गई।
उच्चाधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस की सहायता से दबिश दी। इस दौरान 21 नवंबर 2026 को होटल रोड हाउस इन, बीडीए कॉलोनी चांदमारी से नामजद आरोपी शेखर कौशल को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर कौशल पुत्र राजकुमार कौशल, उम्र करीब 27 वर्ष, निवासी मकान संख्या 3/216, वास्तुखंड, गोमतीनगर, थाना विभूतिखंड, लखनऊ के रूप में हुई है। उसका मूल निवास महाराजगंज तराई, थाना महाराजगंज, जनपद बलरामपुर बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार शेखर कौशल के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2019 में चिनहट थाने में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हुए थे। वर्ष 2022 में विभूतिखंड थाने में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके अलावा वर्ष 2023 में दादरी (गौतमबुद्ध नगर) में आर्म्स एक्ट तथा बीबीडी थाने में अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए। वहीं, वर्ष 2024 में बीबीडी और चिनहट थानों में तथा वर्ष 2025 में चिनहट थाने में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मिथलेश सिंह, उपनिरीक्षक लवलेश सिंह (थाना गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ) और कांस्टेबल प्रदीप कुमार (सर्विलांस टीम, पूर्वी जोन लखनऊ) शामिल रहे।
News Source: Lucknow Police


















































