सिद्धार्थनगर में विकास योजनाओं की समीक्षा, धान खरीद केंद्रों की निगरानी के लिए बनेगी तहसील स्तरीय टास्क फोर्स:

सिद्धार्थनगर, यूपी। सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय स्थित लोहिया कला भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्थानीय सांसद जगदंबिका पाल ने की। इसमें कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, डुमरियागंज विधायक सैयदा खातून, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह के अलावा जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष शामिल हुए।

बैठक में ग्रामीण विकास, कृषि, किसान कल्याण, जल संसाधन, नदी विकास, पशुपालन, पेयजल, स्वच्छता अभियान, भूमि एवं संसाधन तथा शिक्षा समेत करीब 102 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिले के समग्र विकास को लेकर रोडमैप तैयार करने के साथ ही पिछली बैठक में पारित एजेंडों पर हुई कार्रवाई और उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा भी की गई।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि दिशा की बैठक बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसमें जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि बैठक में अनुपस्थित रहे उन विभागाध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जिलाधिकारी को दिए गए हैं, जिन्होंने अनुपस्थिति के लिए अनुमति भी नहीं ली थी।

वहीं, पिछली बैठक में अनुपस्थित रहे विभागाध्यक्षों का एक दिन का वेतन काटने के लिए भी जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया है।

धान खरीद में लापरवाही पर जताई गई नाराजगी:

सांसद ने बताया कि बैठक में सदस्यों ने धान खरीद में शिथिलता बरते जाने की शिकायत उठाई। इस पर जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिले में स्थापित सभी धान क्रय केंद्रों की जमीनी स्तर पर जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी केंद्र पूरी तरह संचालित हों तथा किसानों से सीधे धान की खरीद हो। इसके लिए तहसील स्तर पर टास्क फोर्स गठित कर प्रत्येक क्रय केंद्र की नियमित निगरानी करने की बात कही गई।

डीएपी खाद की उपलब्धता के लिए अतिरिक्त रैक मंगाने पर जोर:

जगदंबिका पाल ने कहा कि जिले में डीएपी खाद की कमी का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी को फर्टिलाइजर मिनिस्ट्री से संपर्क कर अतिरिक्त खाद के रैक मंगाने के संबंध में वार्ता करने के निर्देश दिए गए हैं।‌

जल जीवन मिशन और जी राम जी योजना की भी हुई चर्चा:

बैठक में जल जीवन मिशन के तहत जिले में कराए जा रहे कार्यों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि योजना के लाभ से कोई भी घर वंचित न रहे।सांसद ने बताया कि जी राम जी योजना को लेकर अलग से बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों में मटेरियल का भुगतान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में संबंधित कार्यों का भुगतान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।

हर घर और मजरे तक बिजली पहुंचाने के लिए 1462 करोड़ के प्रोजेक्ट:

जगदंबिका पाल ने बताया कि जिले के प्रत्येक घर और मजरे तक बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आरडीएसएस के तहत 1462 करोड़ रुपये के 786 प्रोजेक्ट वर्तमान में संचालित हैं। इन परियोजनाओं की समीक्षा के लिए अलग से बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि जिले के हर घर और मजरे तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य सुनिश्चित किया जा सके।

News by: Vishnu Jaiswal (Journalist)

  • Related Posts

    बृजमनगंज नगर पंचायत की ईओ सुरभि मिश्रा का तबादला, पंकज कुमार ने संभाला कार्यभार:
    • November 27, 2026

    बृजमनगंज/महराजगंज। बृजमनगंज नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा का दूसरे जिले में तबादला हो गया है। शासन की स्थानांतरण नीति के तहत तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने…

    Continue reading
    सिद्धार्थनगर: भारत भारी में 2 दिसंबर से होगी दस दिवसीय श्रीराम कथा, पूर्व विधायक ने किया कार्यालय का उद्घाटन:
    • November 25, 2026

    सिद्धार्थनगर, यूपी। सिद्धार्थनगर जिले के मोतीगंज में प्रस्तावित दस दिवसीय ‘सनातन उद्घोष श्रीराम कथा’ के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में श्रीराम कथा कार्यालय का…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *