सिद्धार्थनगर, यूपी। सिद्धार्थनगर जिले के इटवा विधानसभा क्षेत्र के सिंगारजोत में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का जोरदार स्वागत किया गया। पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव क्या कहते हैं, यह उनका विषय है। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश का विकास हुआ है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था का राज है। उन्होंने बिहार में राजद पर होल्डिंग और बैनर फाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अपने काम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों के आधार पर उत्तर प्रदेश में फिर से सरकार बनाएगी।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर भी हरीश द्विवेदी ने पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मौका मिलने पर उनकी पार्टी अग्निवीर योजना को हमेशा के लिए खत्म कर देगी। इस पर हरीश द्विवेदी ने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आएगी तो क्या करेगी, यह उत्तर प्रदेश की जनता अच्छी तरह जानती है। उनकी सरकार में गुंडागर्दी और अपहरण की घटनाएं होती थीं।
वहीं, पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का जिले में आज प्रथम आगमन हुआ है। यह सभी लोगों के लिए सौभाग्य की बात है।
News by: Vishnu Jaiswal (Journalist)
















































