सिद्धार्थनगर, यूपी। बढ़नी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह-संयोजक प्रदीप कुमार कमलापुरी ने थाने में तहरीर देकर सांसद जगदंबिका पाल के समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 3(5), 191(2), 115(2), 352, 351(3) और 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
प्रदीप कुमार कमलापुरी ने आरोप लगाया है कि सांसद के साथ आए लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि अपना दल (एस) के विधायक विनय वर्मा का समर्थक समझकर उन पर हमला किया गया। तहरीर में अनिल अग्रहरि, सूर्य कुमार पाण्डेय और रिंकू पाल समेत कई लोगों को नामजद किया गया है, जबकि करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शिकायतकर्ता ने रिंकू पाल पर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा नेता ने पुलिस से घटनास्थल के CCTV फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित कराकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उन्होंने खुद और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए मामले में उचित कार्रवाई करने की अपील की है।
News by: Vishnu Jaiswal (Journalist)
















































