सिद्धार्थनगर, यूपी। सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। महुवारा गांव में एक बार फिर चोरों ने सूने घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से करीब ढाई लाख रुपये के जेवरात, एक लाख रुपये नकदी, लगभग एक लाख रुपये कीमत के तांबा-पीतल के बर्तन और रसोई में रखा गैस सिलेंडर तक उठा ले गए।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित सिद्दीकी हाशमी अपनी बहन की शादी के सिलसिले में परिवार सहित मुंबई गए हुए थे। घर की देखभाल की जिम्मेदारी उन्होंने पड़ोसी गांव सेमड़ा निवासी ईदुल को सौंपी थी। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
मुंबई से वापस लौटने पर पीड़ित को घर के मुख्य दरवाजे का ताला गायब मिला, जबकि कुंडी कटी हुई थी। घर के अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा पड़ा था और कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद सिद्दीकी हाशमी ने घर की देखभाल की जिम्मेदारी संभाल रहे ईदुल से फोन पर संपर्क किया। इस पर ईदुल ने बताया कि वह दो-तीन दिन पहले पुणे चले गए हैं।
पीड़ित सिद्दीकी हाशमी ने चोरी की सूचना पुलिस को दे दी है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
लगातार चोरी की घटनाओं से पुलिस की गश्त पर उठे सवाल:
डुमरियागंज थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्व थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव के कार्यकाल में हुई दो दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है।महुवारा गांव में एक बार फिर हुई इस चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
लगातार हो रही वारदातों के बीच लोगों के मन में अब यही सवाल उठ रहा है कि आखिर डुमरियागंज पुलिस कब चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाएगी और पुरानी वारदातों का खुलासा कब होगा?
News by: Vishnu Jaiswal (Journalist)


















































