समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने मंगलवार को रामपुर में चुनाव लड़ने को लेकर बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “मुझे चुनाव लड़ने से कौन माई का लाल रोक सकता है? मेरा चुनाव मेरी साइकिल है, मेरा इलेक्शन मेरी साइकिल है। साइकिल लड़ेगी, साइकिल जीतेगी।”
इस बयान के जरिए आजम खान ने साइकिल के प्रति अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता भी जाहिर की। आजम खान ने कहा कि उन्हें साइकिल के अलावा कुछ दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा, “मुझे न मोटर के बारे में सोचना है, न हेलीकॉप्टर और न जहाज के बारे में।”
गौरतलब है कि आजम खान 18 नवंबर को गाजियाबाद की डासना जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए हैं। इससे पहले 31 अक्टूबर 2026 को रामपुर जेल से रिहाई के बाद उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान आजम खान से यूपी की राजनीति में असदुद्दीन सोलंकी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी के प्रभाव को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा, “अरे क्या बात करते हो, एक दिन हम नगीना जाएंगे और वहां के लोगों को भी वैचारिक, पूरे देश के लोगों को भी वैचारिक।
जेल से बाहर आने के बाद आजम खान से लगातार राजनीतिक मुलाकातों का सिलसिला जारी है। इन मुलाकातों में 2027 के विधानसभा चुनाव और उनकी आगामी राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं भी अहम मानी जा रही हैं। साथ ही, चुनाव में प्रतिनिधित्व को लेकर भी अलग-अलग नामों की चर्चा सामने आ रही है। हालांकि, कानूनी स्थिति आजम खान और उनके परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
कानूनी जानकारों के मुताबिक, आजम खान को आठ मामलों में दो से दस साल तक की सजा हो चुकी है। ऐसे में मौजूदा स्थिति में वह चुनाव लड़ने के योग्य नहीं हैं। वहीं, अब्दुल्ला आजम को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में राहत मिली है, लेकिन दो अन्य मामलों में सजा के चलते उनकी चुनावी पात्रता भी प्रभावित है। परिवार की ओर से चुनावी संभावनाओं को लेकर तंजीन फातिमा का नाम सामने आ सकता है। वह चुनाव लड़ सकती हैं, लेकिन उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए बड़े बेटे अदीब और बहू सिदरा के नामों पर भी चर्चा हो रही है।
इस पूरे मामले पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील शारिक अब्बासी का कहना है कि केवल जमानत मिल जाने से चुनाव लड़ने की पात्रता बहाल नहीं होती। इसके लिए संबंधित अदालत से दोषसिद्धि पर रोक लगवाना जरूरी है।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)
















































