सिद्धार्थनगर, यूपी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय स्थित बीएसए ग्राउंड में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 180 जोड़े विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। इनमें 141 हिंदू, 16 मुस्लिम और 23 बौद्ध जोड़े शामिल रहे। सभी जोड़ों का विवाह उनके धर्म और रीति-रिवाजों के अनुसार विधि-विधान से संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर और स्थानीय सांसद जगदंबिका पाल ने शिरकत की। बीएसए ग्राउंड में सजाए गए भव्य पंडाल में हजारों लोगों की मौजूदगी के बीच विवाह समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान मंत्रोच्चार सहित अलग-अलग धर्मों की परंपराओं के अनुसार विवाह की रस्में निभाई गईं। नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित धनराशि उनके खातों में भेजने के साथ ही गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामान भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। इस योजना के माध्यम से सरकार गरीब परिवारों की बेटियों की शादी का बोझ उठाकर उनके माता-पिता के चेहरों पर खुशियां लाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के प्रति प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछली सरकारों में सामूहिक विवाह के लिए प्रत्येक जोड़े को केवल 20 हजार रुपये दिए जाते थे, जबकि भाजपा की योगी सरकार ने इस धनराशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है। इस अवसर पर उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद एवं उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की कामना की।
वहीं, सांसद जगदंबिका पाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि आज जनपद मुख्यालय के बीएसए ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 180 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें 141 हिंदू, 16 मुस्लिम और 23 बौद्ध जोड़े शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक सिद्धार्थनगर जिले में कुल 852 जोड़ों का विवाह इस योजना के तहत कराया जा चुका है।
वहीं, वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से अब तक जिले में कुल 7,137 जोड़े मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह बंधन में बंध चुके हैं। सांसद ने कहा कि पिछली सरकारें इस योजना को केवल नाम के लिए चला रही थीं, जबकि भाजपा की योगी सरकार ने 20 हजार रुपये की सहायता राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है। इसका उद्देश्य नवविवाहित जोड़ों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ गृहस्थ जीवन शुरू करने के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराना है।
इस दौरान जगदंबिका पाल ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि धरातल पर कहीं भी विपक्ष नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा पूर्ण बहुमत से जीत हासिल करेगी और एक बार फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
News by: Vishnu Jaiswal (Journalist)















































