SCO Summit: शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत का कड़ा रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से मुकाबले के लिए केवल किसी घटना के बाद प्रतिक्रिया देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसके पूरे तंत्र को जड़ से खत्म करना जरूरी है।
पीएम मोदी ने आतंकवाद के वित्तपोषण, आतंकियों की भर्ती, कट्टरपंथ को बढ़ावा देने और उन्हें सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में पीएम मोदी ने बिना पाकिस्तान का नाम लिए कहा कि जो देश आतंकवाद को अपनी नीति का साधन बनाते हैं और आतंकियों को समर्थन या पनाह देते हैं, उन्हें साफ संदेश दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद किसी भी देश के लिए रणनीतिक संपत्ति नहीं हो सकता। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में केवल हमले के बाद कार्रवाई करने के बजाय उसके पीछे मौजूद पूरे नेटवर्क को समाप्त करना जरूरी है।




