उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रामपुर जेल में पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात के बाद अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने तंज कसा है। उन्होंने इशारों-इशारों में आजम खान के सपा छोड़कर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम में जाने की अटकलों को हवा दी।
साथ ही, आजम खान की ओर से मुख्यमंत्री पद की मांग किए जाने का भी दावा किया। दरअसल, ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव और आजम खान की मुलाकात पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, अखिलेश जी, कैसी रही आज़म चचा से मुलाक़ात?
सुना है चचा साइकिल छोड़ पतंग उड़ाने की तैयारी में हैं। सुने ये भी है कि आपके ख़याली गृहमंत्री ने आपसे सीधे सीधे कह दिया कि अगर पार्टी में रोकना है तो उन्हें गृह नहीं, सीएम की कुर्सी चाहिए। यूपी के मुसलमानों ने सैफई वालों को कई बार मुख्यमंत्री बना दिया थोड़ा बलिदानी आपको बनने की नसीहत मिलने लगी है।
राजभर ने अपनी पोस्ट में आगे दावा किया कि रामपुर से मिल रही जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव और आजम खान के बीच बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला। उन्होंने लिखा, रामपुर से हमारे विश्वस्त सूत्र बता रहे हैं कि ख़ान चचा से आपकी बात बन नहीं पाई! सेटिंग नहीं बैठ पाई।
ओवैसी ने रामपुर में आपका काम लगा दिया। सुनिए महाराज, वैसे भी आपकी सरकार आने नहीं जा रही इसलिए दिल पर पत्थर रखकर घोषणा कर दीजिए कि सपा की सरकार बनने पर किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाएंगे।
राजभर के इस बयान में जहां अखिलेश यादव पर सीधा राजनीतिक हमला नजर आया, वहीं आजम खान को लेकर सपा और एआईएमआईएम के बीच संभावित सियासी समीकरणों पर भी कटाक्ष किया गया। हालांकि, आजम खान के एआईएमआईएम में शामिल होने या मुख्यमंत्री पद की मांग करने संबंधी दावों की पुष्टि इस बयान से नहीं होती।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)


















































