बृजमनगंज, महराजगंज। आगामी 11 अक्टूबर 2026 से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने लेहड़ा स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पूर्वांचल के आद्रवन में स्थित लेहड़ा देवी का प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रत्येक वर्ष नवरात्रि मेले के दौरान दूर-दूर से लाखों श्रद्धालु अपनी मन्नत लेकर लेहड़ा मंदिर पहुंचते हैं और मां के दर्शन करते हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। नगर अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर परिसर और मेले तक जाने वाले रास्ते पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही साफ-सफाई और पेयजल की भी समुचित व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि नवरात्रि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र पांडे, विनोद तिवारी, सभासद झीनक विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र चौरसिया, शिव प्रसाद चौरसिया, राजन चौरसिया, सनी रैना सहित नगर पंचायत के विद्युत कर्मी मौजूद रहे।



















































