इटावा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बड़ा बयान दिया है। इटावा पहुंचे शिवपाल यादव ने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन कायम रहेगा और समाजवादी पार्टी व कांग्रेस मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।
उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय दोनों पार्टियों का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। शिवपाल सिंह यादव इटावा के जिला पंचायत सभागार में आयोजित जिला कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी तरह तैयार रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक हैं और SIR की प्रक्रिया एक महीने के लिए फिर शुरू हुई है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचाएं। शिवपाल यादव ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बीजेपी सरकार पर लगाए बेईमानी और भ्रष्टाचार के आरोप:
शिवपाल यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए बेईमानी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने बीजेपी सरकार को हटाने का मन बना लिया है। उनका दावा है कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
ज्ञानेश कुमार मामले पर भी बोले शिवपाल:
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े पुराने मामले में जांच के आदेश को लेकर भी शिवपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में बहुत बेईमानी हुई है और पूरा विपक्ष उनके खिलाफ हो गया है। शिवपाल यादव ने कहा कि अब उनकी बेईमानी सामने आएगी।
कांग्रेस में बदलाव को बताया PDA का उदाहरण:
कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी में हुए बदलाव को लेकर शिवपाल यादव ने इसे PDA का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी नीतियों के अनुसार चलेगी और समाजवादी पार्टी अपनी नीतियों के अनुसार, लेकिन इसके बावजूद दोनों दलों के बीच गठबंधन बना रहेगा।

















































