Article 370: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बारामूला में आयोजित एक रैली के दौरान केंद्र सरकार और अनुच्छेद-370 को लेकर बयान दिया। उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए दावा किया कि कश्मीर के मुद्दे पर पड़ोसी देश भारत पर दबाव बना रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि दिल्ली दुनिया के दबाव के कारण चुप है।
रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि दिल्ली से मुकाबला करने के लिए हिम्मत रखनी होगी। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर मुकाबले का साहस नहीं दिखाया गया, तो लोगों का नामो-निशान मिट जाएगा। सोशल मीडिया पर उनके संबोधन का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
इसमें फारूक अब्दुल्ला कहते सुनाई दे रहे हैं, “क्या आप दिल्ली से उम्मीद करेंगे कि ये आपसे इंसाफ करेंगे? इनका मुकाबला करने की हिम्मत रखो। नहीं रखोगे तो मिट जाओगे। तुम्हारा नामो-निशान मिट जाएगा।”
पाकिस्तान को लेकर क्या बोले फारूक अब्दुल्ला?
फारूक अब्दुल्ला ने अपने बयान में कहा कि कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान भारत के पीछे पड़ा है और वह हर जगह अपनी बात पहुंचा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पड़ोसी देश उन्हें बचाएगा। अब्दुल्ला ने आरोप लगाया कि केंद्र के इरादे नेक नहीं हैं और दुनिया के दबाव के कारण ही वह फिलहाल चुप है।
उन्होंने कहा, ये आज चुप हैं, क्योंकि दुनिया में जोर है। हमारा पड़ोसी इनके पीछे लगा हुआ है। हर जगह वह पहुंचा है। कश्मीर का फैसला नहीं होना है। वह हमें बचाएगा, क्योंकि इनके इरादे नेक नहीं हैं।
अनुच्छेद-370 की बहाली पर भी जताया भरोसा:
नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष ने अनुच्छेद-370 का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर एक दिन अपना विशेष दर्जा जरूर हासिल करेगा। उन्होंने दावा किया कि अनुच्छेद-370 को एक दिन वापस लेकर रहेंगे। उनके इस बयान के बाद जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे और केंद्र सरकार के साथ राजनीतिक टकराव का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।


















































