UP Government: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए सत्यापन प्रक्रिया और सख्त होने जा रही है। सरकार अब उम्मीदवारों के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच करेगी। यदि कोई अभ्यर्थी हिंसक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसके लिए सरकारी नौकरी हासिल करना मुश्किल हो सकता है। सरकार सत्यापन से जुड़े नियमों को कड़ा करने की तैयारी में है।
सरकार के आदेश के मुताबिक, सरकार के खिलाफ ‘रिजीम चेंज’ यानी सत्ता व्यवस्था बदलने के उद्देश्य से हिंसक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी।
दरअसल, दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक ‘रिजीम चेंज’ की मांग को लेकर विपक्ष की अगुवाई में कई विरोध प्रदर्शन हुए थे। इन प्रदर्शनों के दौरान कुछ स्थानों पर हिंसा की घटनाएं भी सामने आई थीं। इसके बाद सरकार ने सत्यापन प्रक्रिया को सख्त करने का फैसला लिया है।
नियुक्ति विभाग के सचिव एम. देवराज ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, नए नियम सरकारी विभागों के साथ-साथ कॉर्पोरेशन, परिषदों और स्थानीय निकायों में होने वाली सीधी भर्तियों पर भी लागू होंगे।
News by: Utkarsh Tiwari (Journalist)

















































