बलिया, 24 अक्टूबर 2026 | समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अंकुर पाण्डेय के नेतृत्व में PDA YOUTH MEET UP अभियान के तहत सतीश चंद्र महाविद्यालय में नौजवानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा, रोजगार, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सुविधाओं, सामाजिक न्याय और प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान छात्र-युवाओं ने अपनी समस्याएं, अपेक्षाएं और विचार साझा करते हुए इन विषयों पर प्रभावी पहल की आवश्यकता जताई।
बैठक को संबोधित करते हुए अंकुर पाण्डेय ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सस्ती शिक्षा के साथ पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश, विशेषकर उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बनी हुई है। प्रदेश में बार-बार पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य और उनकी मेहनत पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षा महंगी होने से विद्यार्थियों के सामने कई चुनौतियां पैदा हो रही हैं।
छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और छात्रावास का मुद्दा उठा:
अंकुर पाण्डेय ने कहा कि छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल, सस्ती शिक्षा और कन्या विद्या धन जैसी सरकारी सहायता उनकी पढ़ाई जारी रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने छात्रावासों की कमी का जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को आवास की सुविधा नहीं मिलने के कारण अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आज भी नेताजी द्वारा दिए गए नारे “रोटी कपड़ा सस्ती हो, दवा पढ़ाई मुफ्ती हो” को अपना आदर्श और सिद्धांत मानती है।
स्वास्थ्य सुविधाओं और जनपद के विकास पर भी चर्चा:
बैठक में बलिया की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। अंकुर पाण्डेय ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल लोगों को जिले में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में जनपद के विकास के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, ट्रामा सेंटर, 33/11 केवी एवं 132 केवी विद्युत सब स्टेशन की स्थापना, ट्रांसफार्मर की क्षमता में वृद्धि, जनेश्वर मिश्र सेतु और समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के शिलान्यास जैसे कार्यों को रेखांकित किया। वहीं, विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास की सुविधा नहीं होने और छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं को भी सामने रखा।
2027 में सपा सरकार बनाने का आह्वान:
अंकुर पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने, स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सामाजिक न्याय को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से प्रदेश में खुशहाली और विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि PDA का युवा अब यह ठान चुका है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सामाजिक न्याय की विचारधारा को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार सक्रिय रहेगा।
ये लोग रहे मौजूद: कार्यक्रम का आयोजन रवि पटेल ने किया, जबकि संचालन विकास सिंह ने किया। इस अवसर पर धनु यादव, अंश ठाकुर, आदित्य पाण्डेय, राम रतन गुप्ता, आदित्य पासवान, मोहित गुप्ता, विकास राय, अंकित मिश्रा, अवधेश साहनी, ईशान पाठक, समर्थ ओझा, आकाश सिंह, राहुल यादव, राकेश मोहन यादव, प्रियांशु पाठक, राकेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


















































