महराजगंज जनपद में आज पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा तहसील सदर क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान खेतों में पराली जलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

जिलाधिकारी ने मौके पर ही पराली जलाने वालों को निरूद्ध करने के निर्देश दिए और उन पर जुर्माना भी आरोपित किया गया, उन्होंने चेतावनी दी कि पराली जलाना पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है और ऐसे कार्यों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ किसान बिना एसएमएस के कंबाइन मशीनों का संचालन कर रहे थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर उन मशीनों को सीज कर दिया गया।
संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि पराली जलाने की घटनाओं पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित किया जा सके, उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली जलाने के बजाय वैकल्पिक उपायों को अपनाएं और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।





