महाराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धानी पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल रामनयन मौर्य की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल रामनयन मौर्य (उम्र करीब 40 वर्ष) वर्ष 2011 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे, वे आजमगढ़ जिले के ग्राम लोहरा, थाना मुबारकपुर के निवासी थे। सोमवार को ड्यूटी के दौरान लगभग शाम 4 बजे वह बाइक से वापस लौट रहे थे, इसी दौरान रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे उन्हें चक्कर आया और वह बाइक से नीचे गिर पड़े।
आस-पास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें पहले एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, वहां स्थिति में सुधार न होने पर ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें धानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पुलिसकर्मी के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।





