लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रवाद और सामाजिक एकजुटता पर अपनी बात रखी। सीएम योगी ने कहा कि अब भारत में दो कानून नहीं चलेंगे, बल्कि एक देश में एक विधान और एक निशान चलेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता को खतरा तब पैदा होता है, जब हम जाति और क्षेत्र के नाम पर बंट जाते हैं। जातिवाद और क्षेत्रवाद जैसी बीमारियां समाज की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग जिन्ना को अपना आदर्श मानते हैं, वे लौहपुरुष सरदार पटेल को कैसे मानेंगे। लौहपुरुष का अनुयायी वही हो सकता है, जिसके मन में राष्ट्रवाद की भावना हो। सीएम योगी ने आगे कहा कि राष्ट्रीय एकता को चुनौती देने के लिए जो कुत्सित प्रयास किए जा रहे हैं, उनका मुकाबला हम सभी को मिलकर करना होगा। यही लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।















































